Breaking News in Hindi

इज़राइल में कैप्टन स्मित माच्छ़ड़ का सम्मान

फ्लाईदुबई के पायलट की वीरता का सम्मान होगा

राष्ट्रपति का सम्मान प्रदान करेगा देश

अभी अस्पताल में ईलाज चल रहा है

स्वस्थ होने के बाद कार्यक्रम होगा

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः फ्लाईदुबई के विमान के कॉकपिट के भीतर अपने सह-पायलट के हमले को नाकाम कर 174 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित माच्छ़ड़ को इज़राइल के सर्वोच्च नागरिक वीरता पुरस्कार, स्टेट ऑफ़ इज़राइल प्रेसिडेंशियल अवार्ड फॉर सिविलियन हीरोइम से सम्मानित किया जाएगा।

ओमान के रहने वाले सह-पायलट हम्माम अल-हम्मामी ने कॉकपिट के अंदर कुल्हाड़ी से कैप्टन माच्छ़ड़ पर हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ होने के बावजूद भारतीय पायलट ने कॉकपिट का दरवाज़ा खोल दिया। इससे इज़राइली यात्रियों को कॉकपिट में घुसने और हमलावर को काबू में करने का मौका मिल गया।

भारतीय पायलट का यूएई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। इज़राइल के राष्ट्रपति इसाक हजोर्ग ने कहा कि स्वस्थ होने के बाद भारतीय पायलट को यह पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा, आज हम जिन इज़राइली नायकों का सम्मान कर रहे हैं, उनके साथ-साथ हम भारत के कैप्टन स्मित माच्छ़ड़ के पूर्ण और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं। कैप्टन माच्छ़ड़ की अदम्य वीरता और पेशेवर सूझबूझ ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया। स्वास्थ्य लाभ के बाद, इज़राइल के लोगों की ओर से उन्हें यह पुरस्कार देना मेरा सौभाग्य होगा।

इज़राइली खुफिया विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, हम्मामी की योजना विमान पर नियंत्रण कर उसे तेल अवीव ले जाकर किसी इमारत से टकराने की थी, जिसे कैप्टन माच्छ़ड़ की बहादुरी ने विफल कर दिया। इसके बाद ओमान के नागरिक ने विमान को रेगिस्तान में क्रैश करने की कोशिश की, लेकिन विमान में सवार ड्यूटी से इतर पायलटों ने विमान को नियंत्रण में लेकर उसे सऊदी अरब में सुरक्षित उतार लिया।

कैप्टन माच्छ़ड़ को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इज़राइल के राष्ट्रपति ने उन पांच इज़राइलियों को भी वीरता पुरस्कार प्रदान किए हैं, जिन्होंने फ्लाईदुबई के सह-पायलट को काबू करने और विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने में मदद की थी। राष्ट्रपति हजोर्ग ने पिछले सप्ताह कहा था, आपने दूसरों की जान बचाने के लिए खुद को खतरे में डाला और एक भयानक आपदा को टाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कैप्टन स्मित माच्छ़ड़ की बहादुरी की सराहना की है।