Breaking News in Hindi

काफी दिनों की बंदी के बाद फिर लौटेगी हिंदी मोटर में चहलपहल

इस बार एंबेसडर की ईवी गाड़ी बनाने की तैयारी

वर्ष 2014 से पूरी तरह बंद है कारखाना

सीके बिड़ला समूह ने दिया है प्रस्ताव

वाहन उद्योग में बंगाल काफी पीछे है

राष्ट्रीय खबर

कोलकाताः एक समय हुगली का उत्तरपारा-हिन्द मोटर इलाका हिंदुस्तान मोटर्स की मशहूर एंबेसडर कार फैक्ट्री के लिए जाना जाता था। हालांकि, उत्पादन में लगातार गिरावट के बाद साल 2014 में हिन्द मोटर की यह कार फैक्ट्री पूरी तरह से बंद हो गई थी। अब उसी बंद पड़ी हिन्द मोटर की एबेसडर फैक्ट्री में एक बार फिर से नए सिरे से गाड़ियों के उत्पादन की संभावना जाग उठी है। एक रिपोर्ट के अनुसार, सीकेए बिड़ला ग्रुप की तरफ से राज्य सरकार को हिन्द मोटर में ईवी यानी इलेक्ट्रिक वाहनों का प्लांट लगाने का प्रस्ताव दिया गया है। फिलहाल यह प्रस्ताव राज्य सरकार के विचाराधीन है।

सिंगूर से टाटा मोटर्स की प्रस्तावित नैनो फैक्ट्री के जाने के बाद राज्य में ऑटोमोबाइल सेक्टर में कोई बड़ा निवेश नहीं आया था। इसके विपरीत, 2014 में उत्तरपारा स्थित हिंदुस्तान मोटर्स की फैक्ट्री भी बंद हो गई। यदि राज्य सरकार सीकेए बिड़ला ग्रुप के इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे देती है, तो लगभग दो दशकों के लंबे अंतराल के बाद बंगाल के ऑटोमोबाइल सेक्टर में कोई बहुत बड़ा निवेश आएगा। यह निवेश राज्य के पूरे औद्योगिक परिदृश्य को पूरी तरह से बदलकर रख सकता है।

फिलहाल सीकेए बिड़ला ग्रुप के ऑटोमोबाइल पार्ट्स बनाने के कारखाने राजस्थान और गुजरात राज्यों में मौजूद हैं। ऑटोमोबाइल सेक्टर के दृष्टिकोण से पश्चिम बंगाल में गाड़ियों की मांग काफी अच्छी है, विशेषकर राज्य के बाजार में दोपहिया वाहनों की भारी मांग बनी हुई है। हालांकि, अखिल भारतीय स्तर पर मांग के मामले में शीर्ष पर रहने वाले राज्यों की तुलना में पश्चिम बंगाल अभी भी काफी पीछे है।

सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स के वित्तीय वर्ष 2026 के आंकड़ों के अनुसार, भारत में बेचे गए कुल 46 लाख 43 हजार यात्री वाहनों में से 2.7 प्रतिशत पश्चिम बंगाल में बिके थे। संख्या के लिहाज से यह आंकड़ा लगभग 1 लाख 25 हजार के आसपास बैठता है। इस सूची में महाराष्ट्र 12.1 प्रतिशत के साथ सबसे ऊपर, उत्तर प्रदेश 10.6 प्रतिशत के साथ दूसरे और गुजरात 8 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर था।