Breaking News in Hindi

जहरीली शराब पीने से 19 लोगों की मौत

वर्ष 1990 से राज्य में शराबबंदी कानून लागू है यहां पर

जहरीली शराब का देर से पता चल पाया

पहले भी कई लोग बीमार पड़ अस्पताल आये

करीब तीन हजार बोतलों को जब्त किया गया

उत्तर पूर्व संवाददाता

गुवाहाटीः  नागालैंड में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद पुलिस ने राज्य में संदिग्‍ध मिलावटी शराब की आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए एक टीम का गठन किया है, जहां 1990 से शराबबंदी कानून लागू है।

स्थानीय पुलिस ने बताया कि पिछले दो दिनों में संदिग्ध अवैध शराब के सेवन से मोकोकचुंग जिले में 8 और त्युएनसांग जिले में 11 मौतें हुईं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वेसुप्रा केजो ने शनिवार को बताया कि मौतों की जांच करने तथा संदिग्ध मिलावटी शराब के स्रोत और आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आई बंग्लांग चांग के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है।

उन्होंने बताया कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए नमूनों को फोरेंसिक जांच के वास्ते गुवाहाटी भेजा गया है। उन्होंने कहा, हमें कुछ सुराग मिले हैं, लेकिन अभी विवरण का खुलासा करना बहुत जल्दबाजी होगी। इन मौतों के बाद, पुलिस ने कई जगह छापेमारी की और 19 लोगों को गिरफ्तार किया तथा लगभग 3,000 शराब की बोतलें जब्त कीं।

पुलिस ने लोगों को अज्ञात, बिना लेबल वाली या संदिग्ध अवैध शराब का सेवन करने से बचने की सलाह दी है। साथ ही, शराब पीने के बाद चक्कर आना, धुंधला दिखाई देना, सांस लेने में तकलीफ या बेहोशी जैसे लक्षण महसूस होने पर तुरंत चिकित्सीय सहायता लेने का आग्रह किया है।