Breaking News in Hindi

पूर्व राष्ट्रपति को जेल भेजने वाले जज भी आरोपों से घिर गये

मोराएस का नाम बदनाम बैंकर के साथ जुड़ा

ब्राजिलियाः ब्राज़ील के सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस अलेक्जेंड्रे डी मोराएस, जिन्होंने तख्तापलट की कोशिश के लिए पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को 27 साल की सजा सुनाई थी, अब एक बदनाम बैंकर के साथ कथित संबंधों को लेकर इस्तीफे के भारी दबाव का सामना कर रहे हैं। संघीय पुलिस के जो दस्तावेज सार्वजनिक हुए हैं, उनके अनुसार बैंकों मास्टर के मालिक बैंकर डैनियल वोर्कारो ने कई मौकों पर जस्टिस मोराएस से सलाह ली और उनके सुझावों पर काम किया।

यह खुलासा जस्टिस आंद्रे मेंडोंसा द्वारा दस्तावेज अनसील किए जाने के बाद हुआ। हालांकि सुप्रीम कोर्ट की बैठक में इस मुद्दे पर औपचारिक चर्चा नहीं हुई और मोराएस ने भी इस पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं की है, लेकिन अदालत के बाहर उनका विरोध तेज हो गया है। ब्राज़ील के प्रमुख अखबार फॉल्हा डी एस. पॉलो ने अपने संपादकीय में लिखा कि अदालत की गरिमा बनाए रखने के लिए मोराएस को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए या फिर सीनेट द्वारा उन पर महाभियोग चलाया जाना चाहिए।

यह घोटाला अक्टूबर में होने वाले चुनावों से ठीक पहले सामने आया है, जिसने सत्तारूढ़ और विपक्ष दोनों पक्षों के नेताओं को लपेटे में ले लिया है। बोल्सोनारो के बेटे सीनेटर फ्लेवियो बोल्सोनारो ने मोराएस पर कई अपराध करने के आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। दूसरी ओर, मोराएस की पत्नी के वकीलों का कहना है कि जज ने केवल हितों के टकराव (कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट) से बचने के लिए अनुबंधों की जांच की थी और उन्होंने कभी भी बैंकर या उनके बैंक से जुड़े मामलों में कोई फैसला नहीं सुनाया। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश लुइज़ एडसन फचिन ने कहा है कि संस्था की निष्पक्षता और जनविश्वास बनाए रखने के लिए आगामी दिनों में उचित प्रक्रिया के तहत जरूरी कदम उठाए जाएंगे।