अचानक तीन सौ फीट नीचे गिरा तो बारह घायल
कई यात्रियों का सर ऊपर टकरा गया था
कोई गंभीर रुप से घायल नहीं हुआ है
प्लेन को भी मामूली नुकसान पहुंचा
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः मंगलवार को फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक उड़ान के दौरान विमान में अचानक तेज हवाओं का झटका आने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो क्रू मेंबर समेत 12 लोग घायल हो गए और विमान को भी कुछ नुकसान पहुंचा है। एयर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए एक बयान में कहा कि 4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली आ रही उड़ान संख्या एआई379 को उड़ान के दौरान अचानक टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे विमान की ऊंचाई में कुछ क्षण के लिए बदलाव आया। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि विमान ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया।
इस विमान में कुल 134 यात्री सवार थे। एयरलाइन ने बताया कि फिलहाल किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। बयान में आगे कहा गया, एहतियाती जांच और चिकित्सा देखभाल के लिए मामूली चोटों वाले कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को एयरलाइन की टीम और चिकित्सा कर्मियों द्वारा हवाई अड्डे पर ही मेडिकल फैसिलिटी में ले जाया गया।
लैंडिंग के बाद यात्रियों ने बताया कि विमान की ऊंचाई में अचानक गिरावट आई, जिसके कारण कई यात्री घायल हो गए। एक यात्री ने आपबीती सुनाते हुए कहा, विमान की ऊंचाई अचानक नीचे गिर गई। मेरा सिर छत से टकरा गया और मैं नीचे गिर गया। कुछ अन्य यात्रियों को भी शरीर पर खरोंचें और मामूली सिर की चोटें आई हैं।
एयरलाइन ने कहा, हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा और भलाई एयर इंडिया की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहे हैं और जांच के तहत संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।