मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए की कई बड़ी घोषणाएं
राज्य की विकास योजनाओं की जानकारी दी
मेला एप और मेला पुस्तिका का विमोचन
डीजीपी सहित वरीय अफसर कार्यक्रम में मौजूद
दीपक नौरंगी
सुल्तानगंजः आस्था, भक्ति और अध्यात्म के महासंगम विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 का मंगलवार को विधिवत एवं भव्य शुभारंभ हो गया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उत्तर वाहिनी गंगा तट पर आयोजित एक राजकीय समारोह में मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। उद्घाटन के उपरांत मुख्यमंत्री ने बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर सम्पूर्ण राज्य और देश की सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला केवल बिहार का लोकपर्व नहीं है, बल्कि यह देश और दुनिया की अगाध आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है। उन्होंने कहा, लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा, सुगम यात्रा और स्वास्थ्य सुविधाओं का ध्यान रखना राज्य सरकार का मुख्य दायित्व है। इसके लिए सभी प्रशासनिक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की राह आसान बनाने के लिए श्रावणी मेला ऐप 2026 और श्रावणी मेला सूचना पुस्तिका का विमोचन किया। मेले के आयोजन को लेकर भागलपुर की ज़िलाधिकारी अलंकृता पांडेय के नेतृत्व में पूरे सुल्तानगंज क्षेत्र में की गई भव्य सजावट, रोशनी और प्रशासनिक व्यवस्था की सराहना उद्घाटन समारोह में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों, पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों ने की।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का एलान किया। बहुप्रतीक्षित सुल्तानगंज-अगुवानी गंगा पुल के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हर हाल में इसे 31 दिसंबर 2027 से पहले चालू कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। मुंगेर से भागलपुर तक गंगा नदी के समानांतर लगभग 83 किलोमीटर लंबी अत्याधुनिक सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे कांवड़ियों और पर्यटकों की आवाजाही सुलभ होगी।
अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट व नया टाउनशिप: सुल्तानगंज को अंतरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए यहाँ एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके साथ ही ऐतिहासिक विरासत को सहेजने के लिए विक्रमशिला टाउनशिप नाम से एक नए अत्याधुनिक शहर का विकास किया जाएगा।
क्षेत्र में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए नए डिग्री कॉलेज की स्थापना, औद्योगिक विकास के लिए इंडस्ट्रियल कॉरिडोर तथा कतरनी चावल, मक्का व केले जैसे स्थानीय कृषि उत्पादों को वैश्विक बाज़ार में पहचान दिलाने के लिए विशेष योजना लागू की जाएगी। उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के कई मंत्री, स्थानीय सांसद, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।