चक्रवात नोल का कहर, उड़ानें और ट्रेनें रद्द
एजेंसियां
बीजिंगः चक्रवात नोल ने स्थानीय समयानुसार रविवार तड़के दक्षिणी चीन के तटीय इलाकों में दस्तक (लैंडफॉल) दे दी है। इसके प्रभाव से हांगकांग सहित पूरे दक्षिणी चीन में सप्ताहांत के दौरान तेज आंधी और मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। तूफान की भयावहता को देखते हुए गुआंगडोंग प्रांत में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और 3,40,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि दर्जनों उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
हांगकांग वेधशाला के अनुसार, चक्रवात नोल अपने केंद्र के पास 90 मील प्रति घंटे (लगभग 145 किमी/घंटा) की अधिकतम निरंतर हवा की गति के साथ और अधिक तीव्र हो गया था। शनिवार को दक्षिण चीन सागर से गुजरते हुए यह धीरे-धीरे गुआंगडोंग के तटीय क्षेत्र की ओर बढ़ा।
चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने पुष्टि की कि चक्रवात नोल ने रविवार को स्थानीय समयानुसार तड़के लगभग 3:50 बजे दक्षिणी गुआंगडोंग प्रांत के हुइझोउ शहर के हुइडोंग काउंटी के तट पर लैंडफॉल किया।
हांगकांग वेधशाला ने बताया कि लैंडफॉल के बाद नोल रविवार को गुआंगडोंग के अंदरूनी इलाकों की ओर बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, लेकिन इसके चलते क्षेत्र के कई हिस्सों में भयंकर हवाएं और भारी बारिश जारी है।
सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के अनुसार, गुआंगडोंग प्रांत में शनिवार दोपहर तक सुरक्षा के लिहाज से 3,40,000 से अधिक लोगों को विस्थापित कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा चुका था। वहीं, चाइना न्यूज सर्विस के मुताबिक, एहतियात के तौर पर प्रांत में रविवार को संचालित होने वाली रेल सेवाओं को पूरी तरह से रद्द कर दिया गया। चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने संभावना व्यक्त की है कि सप्ताहांत में दक्षिणी गुआंगडोंग और दक्षिण-पूर्वी फ़ुजियान प्रांतों के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश और तेज़ हवाओं का प्रकोप बना रहेगा।