Breaking News in Hindi

रूस का यूक्रेन पर अब तक का सबसे भीषण ड्रोन हमला

पिछले दो दिनों के भीतर देश में भारी तबाही

एजेंसियां

कीवः रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध ने एक बार फिर अत्यंत हिंसक मोड़ ले लिया है। यूक्रेनी अधिकारियों द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, रूस ने पिछले 48 घंटों के भीतर युद्ध की शुरुआत के बाद से अब तक का सबसे बड़ा और सघन हवाई हमला किया है। बुधवार सुबह से शुरू हुई इस सैन्य कार्रवाई में रूस ने यूक्रेन के रिहायशी इलाकों, ऊर्जा बुनियादी ढांचों और प्रशासनिक केंद्रों को निशाना बनाते हुए सैकड़ों आत्मघाती ड्रोन और मिसाइलें दागी हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए पुष्टि की कि बुधवार से अब तक रूसी सेना ने कुल 1,567 ड्रोन लॉन्च किए हैं। इन हमलों ने न केवल सैन्य ठिकानों बल्कि नागरिक बस्तियों को भी भारी क्षति पहुँचाई है, जिसमें अब तक कम से कम 27 निर्दोष नागरिकों की जान जा चुकी है। जेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उस हालिया बयान पर तंज कसा जिसमें उन्होंने युद्ध के समाप्ति की ओर होने की बात कही थी। जेलेंस्की ने स्पष्ट किया कि रातों-रात हुए 670 ड्रोन और 56 मिसाइल हमले शांति के संकेत नहीं बल्कि शत्रुता को बढ़ाने वाले कदम हैं।

हमले का सबसे भयावह मंजर राजधानी कीव में देखने को मिला, जिसे इस ऑपरेशन का मुख्य केंद्र बनाया गया था। कीव में एक नौ-मंजिला आवासीय इमारत पर रूसी केएच -101 मिसाइल गिरने से वह पूरी तरह जमींदोज हो गई, जिसमें बच्चों समेत कई लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने इस त्रासदी के सम्मान में शुक्रवार को शोक दिवस घोषित किया है।

पूरे देश में विनाश का पैमाना इतना व्यापक है कि यूक्रेन के 11 क्षेत्रों में बिजली ग्रिड पूरी तरह ठप हो गए हैं। आधिकारिक रिपोर्टों के अनुसार, लगभग 180 महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें 50 से अधिक बहुमंजिला आवासीय इमारतें शामिल हैं। यूक्रेन के विदेश मंत्री अंद्री सिबीहा ने इस हमले के समय पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि यह तब किया गया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बीजिंग की यात्रा पर हैं। सिबीहा के अनुसार, यह इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि रूस अंतरराष्ट्रीय शांति प्रयासों और कूटनीतिक दबाव के बावजूद युद्ध को रोकने का इच्छुक नहीं है। उन्होंने अमेरिका और चीन जैसे वैश्विक नेतृत्व से अपील की है कि वे पुतिन पर युद्ध समाप्त करने के लिए अपने प्रभाव का उपयोग करें। फिलहाल, यूक्रेन के आसमान में हवाई रक्षा प्रणालियाँ अलर्ट पर हैं और राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।