गोहाना : गोहाना शहर में 3 साल की बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है। मामले में गोहाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना गढ़ी सिसाये क्षेत्र की है। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी की 3 साल की बच्ची का अपहरण कर लिया। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले आरोपी का अपने साढ़ू (रिश्तेदार) से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
किराए के मकान में रह रहा था आरोपी
गोहाना के ACP राहुल देव ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बच्ची का अपहरण कल शाम को हुआ था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और आरोपी को दिल्ली के मयूर बिहार से बच्ची सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान शशि फुलरिया, निवासी जिला मुजफ्फरनगर (बिहार) के रूप में हुई है, जो गोहाना में मजदूरी का काम करता था और किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी बच्ची को लेकर बिहार भागने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है और उसका मेडिकल करवाने के बाद उसे परिजनों के हवाले किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने बच्ची का अपहरण किस मकसद से किया था।