Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
बंगाल फाइनल वोटर लिस्ट: कितने वोटर्स के कटे नाम? जानें ममता बनर्जी के विधानसभा क्षेत्र का पूरा हाल परमाणु ऊर्जा संयंत्रों के पास कैंसर से मृत्यु दर अधिक अमेरिका और इजरायल का ईरान पर भीषण हमला तीन बार के मुख्यमंत्री ने राजनीति में उलटफेर कर दिया राज्यसभा की एक सीट पर अड़े जीतन राम मांझी, BJP को याद दिलाया वादा; बिहार NDA में बढ़ी हलचल काकीनाडा के पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से तबाही अरविंद केजरीवाल ने हनुमान मंदिर में किए दर्शन, BJP पर साधा निशाना- 'बयानबाजी न करें, माफी मांगें' फिर से बंगाल में भाजपा और टीएमसी का बयान युद्ध असम में जीत की हैट्रिक के लिए भाजपा का महाप्लान तैयार नोएडा STF को बड़ी कामयाबी: हिसार से गिरफ्तार हुआ 15 हजार करोड़ के GST घोटाले का मास्टरमाइंड, था 50 ह...

तीन बार के मुख्यमंत्री ने राजनीति में उलटफेर कर दिया

ओ पन्नीरसेल्वम अब डीएमके में शामिल

  • जयललिता के विश्वासपात्र नेता थे वह

  • पांच बार विधायक का चुनाव जीता है

  • सीएम एम के स्टालिन ने स्वागत किया

राष्ट्रीय खबर

चेन्नईः तमिलनाडु की राजनीति में विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले एक बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के बेहद करीबी माने जाने वाले, तीन बार के पूर्व मुख्यमंत्री और पांच बार के एआईएडीएमके  विधायक ओ. पन्नीरसेल्वम ने मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन की उपस्थिति में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) का दामन थाम लिया।

पन्नीरसेल्वम अपने बेटे और थेनी से एआईएडीएमके के पूर्व लोकसभा सदस्य पी. रवींद्रनाथ, अपने समर्थक और उसिलमपट्टी के विधायक पी. अय्यप्पन व अन्य के साथ सुबह करीब 9.40 बजे चेन्नई स्थित डीएमके  मुख्यालय अन्ना अरिवलयम पहुंचे। वहां वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों ने उनका स्वागत किया। पन्नीरसेल्वम ने मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन से मुलाकात की, जिसके बाद उन्होंने विधिवत रूप से पार्टी की सदस्यता ली। मुख्यमंत्री स्टालिन ने गले मिलकर उनका पार्टी में स्वागत किया।

बाद में, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री स्टालिन ने लिखा, पूर्व मुख्यमंत्री और मेरे प्रिय भाई ओ. पन्नीरसेल्वम द्रविड़ आंदोलन की मूल संस्था, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम में शामिल हो गए हैं। मैं उनका हार्दिक स्वागत करता हूं। स्टालिन ने आगे कहा, 2026 का विधानसभा चुनाव तमिलनाडु और फासीवादी भाजपा के बीच एक लोकतांत्रिक लड़ाई है। इसे पहचानते हुए, विभिन्न लोकतांत्रिक ताकतें डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल हो रही हैं। उन्होंने पन्नीरसेल्वम को एक स्नेही, सुसंस्कृत और विनम्र व्यक्ति बताया।

डीएमके में शामिल होने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए पन्नीरसेल्वम ने कहा, आज मैं पेरारिग्नार अन्ना (पूर्व मुख्यमंत्री सी.एन. अन्नादुरई) द्वारा स्थापित मूल संगठन डीएमके में शामिल होकर बेहद खुश हूं। मुझे पार्टी में शामिल करने के लिए मैं डीएमके अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति (एम.के. स्टालिन) का आभार व्यक्त करता हूं।

अपनी नई पारी पर बात करते हुए पन्नीरसेल्वम ने कहा, आज की राजनीति में थलपति अन्ना और कलैग्नार (पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि) द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलते हुए एक ऐसी राजनीतिक संस्कृति के साथ पार्टी और सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं, जो सभी को साथ लेकर चलती है। इसे महसूस करते हुए, मैं अपार खुशी के साथ डीएमके में शामिल हुआ हूं।