Breaking News in Hindi

पाकिस्तानी हमलों को नाकाम किया सेना ने

वैश्विक अपील के बाद भी धीरे धीरे फैल रहा है युद्ध का दायरा

  • जवाबी कार्रवाई में लाहौर तक प्रहार किया

  • सीमा पर बम से दो अधिकारी शहीद

  • भारतीय विमान गिराने का सबूत नहीं

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः वैश्विक अपील के बाद भी भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध का दायरा धीरे धीरे बढ़ता जा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी सेना ने पहली बार अपनी तरफ से तोपखाना से फायरिंग की, जिससे भारतीय सेना के दो अधिकारियों के शहीद होने की सूचना है। इनमें एक पंजाब का और दूसरा हरियाणा का निवासी है। मोर्चे पर इनके सामने पाकिस्तान की तरफ से दागा गया तोप का गोला आकर गिरा था। इससे कई अन्य जवान भी गंभीर रुप से घायल हुए हैं, जिसका ईलाज चल रहा है।

इस दौरान पाकिस्तान की तरफ से अनेक ड्रोन हमले भी किये गये। भारतीय सुरक्षा प्रणाली ने इन्हें नाकाम कर दिया। दूसरी तरफ भारत ने पाकिस्तानी हमलों को नाकाम कर लाहौर में वायु रक्षा प्रणाली ध्वस्त की है। ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाए और हताश पाकिस्तान ने बुधवार रात जम्मू कश्मीर से लेकर गुजरात तक कम से कम 15 शहरों में सैन्य ठिकानों को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाने की कोशिश की जिसे भारत की वायु रक्षा प्रणाली ने पूरी तरह से नाकाम कर दिया और जवाबी कार्रवाई में लाहौर की वायु रक्षा प्रणाली ध्वस्त कर दी।

रक्षा मंत्रालय ने गुरूवार को यहां एक वक्तव्य जारी कर कहा कि सात और आठ मई की दरमियानी रात में पाकिस्तान ने उत्तरी एवं पश्चिमी भारत के अनेक सैन्य ठिकानों को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाने की कोशिश की जिनमें अवंतीपुरा , श्रीनगर , जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला , जालंधर , लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ, नाल फलौदी, उत्तरलाई और भुज शामिल हैं।

पाकिस्तानी मिसाइल और ड्रोन को भारत की एकीकृत वायु रक्षा प्रणालियों ने नष्ट कर दिया। मंत्रालय ने बताया कि आज सुबह भारतीय सुरक्षा बलों ने समानुपातिक जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान में कई जगह पर वायु रक्षा प्रणाली और राडारों को निशाना बनाकर हमला किया। विश्वसनीय जानकारी के अनुसार इन हमलों में लाहौर की वायु रक्षा प्रणाली पूरी तरह से नष्ट हो गयी है।

मंत्रालय ने कहा है कि पाकिस्तान की नष्ट की गयी मिसाइलों और ड्रोन के मलबे को बरामद किया जा रहा है जो पाकिस्तानी हमलों का प्रमाण है। वक्तव्य में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पार से कुपवाड़ा, बारामुला, उरी, पुंछ, मेंधर और राजौरी सेक्टरों में बिना किसी उकसावे के फायरिंग तेज कर दी है जिसमें मोर्टारों और भारी तोपखाने का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इस गोलीबारी में 16 निर्दोष लोगों की जानें गयी हैं जिनमें तीन महिला और पांच बच्चे शामिल हैं। भारत ने भी विवश होकर पाकिस्तानी फायरिंग को रोकने के लिए मोर्टार और तोपखाने से जवाबी कार्रवाई की। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय सशस्त्र बलों की कार्रवाई तनाव बढाने वाली नहीं होगी बशर्ते कि पाकिस्तानी सेना भी संयम बरते।

इसके अलावा पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ अपने देश में पांच भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराने के दावे के समर्थन में किसी भी किस्म का सबूत देने में नाकाम रहें और यह कहकर कन्नी कटाने की कोशिश करते नजर आये कि सब कुछ भारतीय सोशल मीडिया पर है। भारत ने पाकिस्तान के ऐसे सभी दावों को खारिज कर दिया है जो ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी दुष्प्रचार का हिस्सा हैं। भारत ने बुधवार को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी शिविरों को ध्वस्त करने के लिए इस अभियान की शुरुआत की थी। पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार ने दावा किया है कि बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान और भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के बीच बातचीत हुई है। श्री डार ने यहां कहा,  पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार असीम मलिक और भारत में उनके समकक्ष अजीत डोभाल के बीच संपर्क हुआ है। भारत ने हालांकि इस दावे की पुष्टि नहीं की है।