फ्लाईदुबई की घटना के बाद इजरायल ने अपने नियम बदले
येरूशलमः गत 30 सितंबर को तेल अवीव जाने वाली फ्लाईदुबई की उड़ान को कथित तौर पर अगवा करने के प्रयास के बाद, रिपोर्टों में कहा गया है कि इजराइल ने पाकिस्तान सहित लगभग 31 देशों के पायलटों और केबिन क्रू को अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाली उड़ानों में सेवा देने से रोक दिया है। यह निर्देश उस कथित अपहरण के प्रयास के बाद आया है, जिसमें भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार संदिग्ध साजिश को नाकाम करते हुए घायल हो गए थे। इजराइली प्रसारक के अनुसार, मंत्रालय ने 1 अक्टूबर को विदेशी एयरलाइनों को इन प्रतिबंधों के बारे में सूचित कर दिया था।
30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान को सऊदी अरब की ओर मोड़ दिया गया था, जब उसके ओमान मूल के सह-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर हमला किया और कथित तौर पर विमान का नियंत्रण छीनने व विमान को इजराइल के बेन-गुरियन हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त करने का प्रयास किया। नए निर्देश के अनुसार, इजराइली हवाई क्षेत्र में उड़ानों का संचालन करने वाले पायलटों और केबिन क्रू के पास उन देशों की नागरिकता या दोहरी नागरिकता नहीं होनी चाहिए, जिनके इजराइल के साथ आधिकारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं।
फ्रांसीसी खोजी वेबसाइट मीडियापार्ट ने कहा कि इन प्रतिबंधों में पाकिस्तान, ईरान, ओमान, सऊदी अरब, अल्जीरिया और ट्यूनीशिया सहित 31 मुस्लिम बहुल देश, साथ ही इन देशों की दोहरी नागरिकता रखने वाले लोग शामिल हैं। इन प्रतिबंधों ने एयर फ्रांस को क्रू असाइनमेंट में बदलाव करने के लिए मजबूर किया है, जबकि यूनाइटेड एयरलाइंस ने भी कर्मचारियों को इस नीति के बारे में सूचित कर दिया है। एयर फ्रांस ने एक आंतरिक मेमो प्रसारित किया था, जिसमें अपने पायलटों और केबिन क्रू को प्रतिबंधों के बारे में सूचित किया गया था और अनुपालन न करने पर संभावित दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।
एयर फ्रांस ने कहा, संबंधित कर्मचारियों को तेल अवीव की उड़ानों के लिए इजराइली अधिकारियों द्वारा लागू किए गए नए नियमों के बारे में सूचित कर दिया गया है। यूनाइटेड एयरलाइंस ने इस नीति से प्रभावित पायलटों और फ्लाइट अटेंडेंट्स से आवश्यक समायोजन के लिए अपने शेड्यूलिंग विभाग से संपर्क करने को कहा था। एयरलाइन ने प्रतिबंधों के जवाब में अपने क्रू असाइनमेंट में बदलाव किए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि अपहरण के प्रयास की घटना के बाद, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने विदेशी नागरिक उड्डयन के लिए सुरक्षा प्रक्रियाओं की समीक्षा के आदेश दिए।