समारोह में भाग लेने के बाद सीएम के साथ ट्रेन की सवारी
इस प्रोजेक्ट की लागत 49 सौ करोड़ रुपये है
सड़क परियोजनाओँ की आधारशिला रखी
तीन फ्लाईओवरों का लोकार्पण भी किया
राष्ट्रीय खबर
चेन्नई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के चरण-2 के पूनमल्ली-वडपलानी खंड का उद्घाटन किया, जिसे लगभग 4,900 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। उद्घाटन के बाद, पीएम मोदी ने पोरूर बाईपास स्टेशन से पूनमल्ली बाईपास स्टेशन तक चेन्नई मेट्रो की सवारी की। इस दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी उनके साथ मौजूद रहे।
अपने तमिलनाडु दौरे के दौरान, प्रधानमंत्री ने राज्य में बुनियादी ढांचे, रेलवे, बंदरगाहों और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम ने लगभग 3,700 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया। इसमें एनएच-744 के 36 किमी लंबे वदुगपट्टी-थेरकुवेंगनल्लूर खंड और एनएच-744ए के 30 किमी लंबे मदुरै रिंग रोड खंड का उद्घाटन शामिल है। इसके अलावा, एनएच-83 पर चार लेन वाले तिरुवरुर बाईपास की आधारशिला भी रखी गई।
इस मौके पर 750 करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसमें कराईकल-पेरालम रेल लाइन, कोयंबटूर क्षेत्र में तीन रेल फ्लाईओवरों का समर्पण और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित 5 अमृत स्टेशनों (पलानी, वेल्लोर छावनी, अंबासमुद्रम, परमकुडी और नमक्कल) का उद्घाटन शामिल है।
चेन्नई पोर्ट पर पेव्ड स्टोरेज यार्ड, चार एक्जिम गोदाम, अपग्रैडेड क्रूज टर्मिनल और सीफेयरर्स क्लब का उद्घाटन हुआ। इसके साथ ही वी.ओ. चिदंबरनार पोर्ट और कामराजर पोर्ट पर क्षमता विस्तार और बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई। चेन्नई पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की मनाली रिफाइनरी में 1,620 करोड़ रुपये की लागत वाले ल्यूब ऑयल बेस स्टॉक्स प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया गया। साथ ही, पीएम ने आईआईटी मद्रास में सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर को राष्ट्र को समर्पित किया और मानव मस्तिष्क को 3D एटलस में मैप करने के वैश्विक वैज्ञानिक मिशन का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने चेन्नई स्थित जयगोपाल गरोड़िया हिंदू विद्यालय मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में भी हिस्सा लिया।