सीजेपी ने प्रदर्शन की कोई अनुमति नहीं मांगी है
पुलिस ने कहा विकल्प तलाशें वे
अभी तो आवेदन भी नहीं मिली
दिल्ली के कई इलाकों में निषेधाज्ञा
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः सोमवार को सीजेपी ने इंडिया गेट से जय सिंह रोड स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकालने की घोषणा की। सीजेपी का आरोप है कि केंद्र सरकार पिछले महीने जंतर-मंतर पर आंदोलन वापस लिए जाने के दौरान युवा प्रदर्शनकारियों से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। 2.5 किलोमीटर लंबे इस मार्च में आत्महत्या करने वाले नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट के अभ्यर्थियों के परिवार और कथित पुलिस बर्बरता के पीड़ित हिस्सा लेंगे। देश भर के छात्रों, युवा संगठनों और युवाओं को इस आयोजन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
पुलिस ने पहले ही कहा था कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है, जहां इंडिया गेट स्थित है। नई दिल्ली जिला क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन और मार्च की अनुमति पूर्व स्वीकृति के साथ केवल जंतर-मंतर के पास ही है। पुलिस उपायुक्त (नई दिल्ली) सचिन शर्मा ने कहा, विभाग को उनकी तरफ से किसी भी मार्च या विरोध प्रदर्शन के लिए कोई अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ है।
सीजेपी के एक प्रवक्ता ने कहा कि वे आने वाले दिनों में दिल्ली पुलिस को इस प्रदर्शन के बारे में औपचारिक रूप से सूचित करेंगे। नाम न छापने की शर्त पर एक पुलिस अधिकारी ने कहा, इस बात की कोई संभावना नहीं है कि यह विरोध प्रदर्शन कानूनी हो। इंडिया गेट विरोध के लिए कोई निर्धारित स्थान नहीं है और वहां भारी भीड़ जमा होने से कानून-व्यवस्था के साथ-साथ यातायात उल्लंघन की बड़ी समस्या पैदा होगी। इसके अलावा, हम सुरक्षा कारणों से नई दिल्ली क्षेत्र में मार्च की अनुमति नहीं देते हैं।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अब यह सुनिश्चित करने की योजना बनानी शुरू कर दी है कि इंडिया गेट पर किसी को भी एकत्र होने की अनुमति न दी जाए। अधिकारियों के अनुसार, नई दिल्ली क्षेत्र की संयुक्त पुलिस आयुक्त नूपुर प्रसाद और जिला पुलिस अधिकारियों सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन का आकलन करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार को बैठकें कीं।