Breaking News in Hindi

वैज्ञानिकों को बंगाल की खाड़ी से मिल रही है अच्छी खबर

समुद्र में फिर से जाग रहे हैं मॉनसून के बादल

  • बीच में अचानक गायब हो गये थे बादल

  • समुद्री इलाके से आगे बढ़ रहा है यह

  • बारिश का दूसरा दौर प्रारंभ हो जाएगा

राष्ट्रीय खबर

कोलकाताः देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी, उमस और सूखे के लंबे दौर से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रशांत महासागर से उठा एक नया वेदर सिस्टम अब बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो चुका है। इस नए सिस्टम के प्रभाव से आने वाले दिनों में देश भर में मानसून की बारिश एक बार फिर जोर पकड़ने वाली है। सैटेलाइट से प्राप्त ताजा तस्वीरों से पता चलता है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर घने बादलों का चक्रवात तेजी से विकसित हो रहा है। यह सिस्टम हवा के मजबूत ऊर्ध्वाधर प्रवाह को बढ़ा रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि, यह सिस्टम अगले दो से तीन दिनों में धीरे-धीरे ओडिशा और पश्चिम बंगाल की तरफ बढ़ेगा, जिससे पूर्वी भारतीय राज्यों में मूसलाधार बारिश का नया दौर शुरू होगा। आने वाले हफ़्तों में इस सिस्टम का प्रभाव देश के मध्य और उत्तरी हिस्सों तक पहुंचेगा, जिससे उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, मध्य प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में जारी शुष्क मौसम और बढ़ते तापमान से बड़ी राहत मिलेगी।

यह नया वेदर सिस्टम ऐसे समय में सक्रिय हो रहा है जब देश एक बेहद असमान मानसून के दौर से गुजर रहा है।

जुलाई के शुरुआती दिनों में देश के कई पश्चिमी शहरों में भारी बारिश हुई थी, लेकिन मध्य-जुलाई तक आते-आते मानसून पूरी तरह शांत पड़ गया। इस लंबे सूखे स्पेल के कारण न केवल तापमान में भारी बढ़ोतरी हुई, बल्कि देश में बारिश की कमी एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गई। इसका सबसे गंभीर असर खरीफ फसलों की बुआई पर पड़ा है, जो पानी की कमी के चलते काफी धीमी हो गई थी।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बंगाल की खाड़ी में बना यह नया सिस्टम न केवल देशवासियों को उमस भरी गर्मी से निजात दिलाएगा, बल्कि किसानों के लिए भी संजीवनी साबित होगा। समय पर हो रही यह बारिश खरीफ फसलों को नया जीवन देगी और बुआई के काम में तेजी लाएगी। प्रशासन ने किसानों को मौसम के इस बदलाव के अनुसार अपनी फसलों की तैयारी रखने की सलाह दी है।