ब्रिटेन में अमेरिकी हवाई सैन्य शिविर पर हमले की योजना थी
लंदन: ब्रिटेन की आतंकवाद-रोधी पुलिस ने मंगलवार को अमेरिकी वायु सेना द्वारा उपयोग किए जाने वाले ब्रिटिश एयरबेस पर पिछले महीने हुई संदिग्ध गतिविधि के मामले में दो व्यक्तियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर अपराधों के तहत आरोप दर्ज किए हैं। पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम के तार ईरान से जुड़े होने की आशंका जताई है।
राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी पुलिस के प्रमुख लॉरेंस टेलर ने बताया कि 24 वर्षीय दो ब्रिटिश नागरिकों पर मामला दर्ज किया गया है। इनमें से एक पर विदेशी खुफिया एजेंसी—जिसके ईरान होने का अनुमान है—की सहायता करने और दूसरे पर ब्रिटेन के हितों के विपरीत उद्देश्य से एक प्रतिबंधित सैन्य क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने का आरोप है। 27 सितंबर को हुई इस घटना के बाद पुलिस द्वारा सात संदिग्धों की गिरफ्तारी और उन्हें जमानत पर रिहा करने के बाद, यह पहली बार है जब किसी पर औपचारिक आरोप लगाए गए हैं।
यह मामला 27 सितंबर की तड़के दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड स्थित रॉयल एयर फोर्स (आरएएफ) फेयरफोर्ड एयरबेस का है, जहां एक स्थानीय किसान ने सफेद वैन के साथ कई लोगों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दी थी। घटना के महज कुछ दिनों बाद ही अमेरिका ने इस सैन्य ठिकाने से अपने सभी बी-1 बॉम्बर्स (बॉम्बर विमानों) को अचानक वापस बुला लिया था।
पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय नुमान एस्घिर को घटना के दिन ही ग्लॉस्टरशायर स्थित मौके से गिरफ्तार किया गया था और बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया था, जिसे पिछले सप्ताह दोबारा गिरफ्तार किया गया। एस्घिर पर यूनाइटेड किंगडम के हितों के खिलाफ कार्य करने के उद्देश्य से प्रतिबंधित स्थान पर जाने का आरोप है। पुलिस प्रमुख ने खुलासा किया कि एस्घिर पर लगा यह आरोप 22 अगस्त को हुई एक अन्य संदिग्ध गतिविधि से भी संबंधित है।
वहीं दूसरे आरोपी, 24 वर्षीय मोहम्मद अहमद अब्दुलकरीम को पिछले सप्ताह पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया, जिस पर विदेशी खुफिया एजेंसी (ईरान) की मदद करने का आरोप तय हुआ है। लंदन के वेस्टमिंस्टर निवासी इन दोनों आरोपियों के अलावा 23 से 25 वर्ष की आयु के छह अन्य संदिग्ध अभी जमानत पर हैं, जिनमें एक ब्रिटिश-ईरानी दोहरा नागरिक भी शामिल है।