कामजोंग में गोलीबारी, ग्राम प्रधान सहित चार घायल
दो दिन में 846 करोड़ की ड्रग्स जब्त
विधायक ने असम राइफल्स को घेरा
अभियान में हथियार और गोला बारूद जब्त
भूपेन गोस्वामी
गुवाहाटी: 17 अक्टूबर 2026 को मणिपुर के कामजोंग जिले के चसाद गांव में संदिग्ध एनएससीएन आईएम कैडरों ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें चसाद के गांव प्रधान थांगजाहो हाओकिप और अन्य जनप्रतिनिधियों (एसटी खैलुन हाओकिप, सेइखोहाओ, सेइपाओ हाओकिप) सहित 4 नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गए। क्षेत्र में कुकी और नागा समूहों के बीच तनाव बना हुआ है।
सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी: चुराचांदपुर जिले में सुरक्षा बलों (असम राइफल्स व पुलिस) ने संयुक्त अभियानों में यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी के 10 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा, इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट, थौबल, काकचिंग और विष्णुपुर में चलाए गए अभियानों में भारी मात्रा में हथियार (86 हथियार), गोला-बारूद (974) और आईईडी बरामद किए गए।
असम राइफल्स पर सवाल: फुंगयार विधायक लीशियो कीशिंग ने आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर को म्यांमार सीमा के पास निंगचौ गांव पर हुए उग्रवादी हमले के दौरान असम राइफल्स प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही। इस हमले में दो नागरिकों की जान गई थी।
मिजोरम म्यांमार सीमा से सटे रास्ते ड्रग्स तस्करी का मुख्य केंद्र बनता जा रहा है। पिछले दो दिनों में ₹846 करोड़ से अधिक मूल्य की हेरोइन और मेथामफेटामाइन जब्त कर 111 विदेशियों सहित 930 लोगों को गिरफ्तार किया गया। ईडी (ED) की जांच में सामने आया कि भारत (गुजरात) से स्यूडोएफेड्रिन और कैफीन जैसे प्रिकर्सर केमिकल मिजोरम के रास्ते म्यांमार भेजे जाते थे, जहां अवैध लैब में ड्रग्स बनाकर वापस भारत लाई जाती थी। इस नेटवर्क में दर्जनों म्यूल खातों व हवाला के जरिये 50 करोड़ से अधिक के लेनदेन का खुलासा हुआ है।
16 अक्टूबर 2026 को फेक में आयोजित डीपीडीबी बैठक की अध्यक्षता डीसी रोसिएथो न्गुओरी ने की। बैठक में मंत्री के.जी. केन्ये ने अधिकारियों को अनुच्छेद 371ए के तहत नागा प्रथागत कानूनों के प्रति सचेत रहने की सलाह दी। बैठक में पोरबा गांव की दान दी गई भूमि पर मिथुन पर राष्ट्रीय अनुसंधान केंद्र को स्थानांतरित करने के लिए आईसीएआर निदेशक को पत्र लिखने, तेजत्से गांव का नाम तुजात्से करने और फेक गवर्नमेंट कॉलेज के लिए संपर्क सड़क निर्माण जैसे प्रमुख प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।