Breaking News in Hindi

उच्च न्यायालय ने रोक लगाने से किया इंकार

दिपके के आह्वान पर सोलह को दिल्ली में तिरंगा यात्रा

दिपके ने प्रेस कांफ्रेंस भी किया

दूसरे संगठनों के लोग भी साथ

सीईसी और एसआईआर के खिलाफ

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः दिल्ली उच्च न्यायालय ने गुरुवार को कॉकरोच जनता पार्टी और उसके संस्थापक अभिजीत दिपके को 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में विरोध प्रदर्शन करने से रोकने से इनकार कर दिया। हालांकि, अदालत ने दिल्ली पुलिस के इस आश्वासन को रिकॉर्ड पर लिया कि प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों को नियंत्रित और विनियमित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इससे पहले दिन में, सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) ने भारत निर्वाचन आयोग के विशेष सघन संशोधन (एसआईआर) अभ्यास के साथ-साथ पिछले सप्ताह दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) विरोधी प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों, पत्रकारों और अन्य लोगों की बड़े पैमाने पर की गई हिरासत को चुनौती देने वाली याचिकाओं की एक श्रृंखला पर नोटिस जारी किया था।

दूसरी ओर, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सरकार पर कथित तौर पर मतदाता सूची से नाम हटाकर चुनावी परिणामों को प्रभावित करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम हटाया जाना कोई सेटिंग थी। गुरुवार (15 अक्टूबर 2026) को नई दिल्ली स्थित प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान दिपके ने सवाल किया, ज्ञानेश कुमार नरेंद्र मोदी के लिए इतने महत्वपूर्ण क्यों हैं? हम यह क्यों न मानें कि ज्ञानेश कुमार चुनाव जीतने में नरेंद्र मोदी की मदद कर रहे हैं?

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को अभिजीत दिपके के अलावा ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की नेता आइशी घोष, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विराज देवांग और प्रसिद्ध अभिनेता प्रकाश राज सहित अन्य प्रमुख हस्तियों ने भी संबोधित किया।