दक्षिण अफ्रीका में दो अलग अलग आपराधिक घटनाएं
शनिवार रात को आठ हमलावरों की कार्रवाई
दूसरी घटना केपटाउन के इलाके में घटी है
कनाडा के टोरंटो में भी अचानक हमला
जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग और केपटाउन के विभिन्न उपनगरों में हुई दो अलग-अलग गोलीबारी की वीभत्स घटनाओं में कम से कम 27 लोगों के मारे जाने की खबर है। रिपोर्ट के अनुसार, पहली बड़ी घटना शनिवार देर रात जोहान्सबर्ग के पश्चिम में स्थित एक बार में हुई, जहां असॉल्ट राइफलों से लैस आठ हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी की।
वहीं, दूसरी घटना रविवार तड़के केपटाउन के पास घटी। दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, जोहान्सबर्ग से दक्षिण-पश्चिम में स्थित वेडेला टाउनशिप के एक बार में शनिवार रात हुए इस खूनी संघर्ष में करीब 17 लोगों की जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध हमलावरों ने पहले बार के बाहर मौजूद लोगों को निशाना बनाया और फिर अंदर घुसकर मौत का तांडव जारी रखा। मृतकों में 13 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। इस क्रूर हमले में कम से कम 15 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस ने जानकारी दी है कि हमलावर विशेष रूप से कुछ ग्राहकों की तलाश में आए थे। उन्होंने वारदात को अंजाम देने से पहले पीड़ितों के मोबाइल फोन छीने और फिर दो अलग-अलग वाहनों में सवार होकर मौके से फरार हो गए। इस घटना के करीब चार घंटे बाद, रविवार तड़के 1 बजे के बाद केपटाउन के पास ल्वांडले टाउनशिप में एक स्टोर पर एक और अंधाधुंध गोलीबारी हुई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। पुलिस विभिन्न संदिग्धों की तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले मंगलवार रात डरबन के दक्षिण में स्थित क्वामाखुथा टाउनशिप में एक हाउस पार्टी के दौरान एक घर पर हुए हमले में एक गर्भवती महिला समेत 11 लोगों की जान चली गई थी।
दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अन्य हिंसक घटना में कनाडा के टोरंटो स्थित वार्षिक साल्सा ऑन सेंट क्लेयर स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। यह घटना सेंट क्लेयर एवेन्यू वेस्ट और अर्लिंग्टन एवेन्यू के व्यस्त चौराहे के पास हुई, जहां यह लोकप्रिय सांस्कृतिक उत्सव चल रहा था।
घटनास्थल पर पुलिस को छह लोग गोली लगने से घायल अवस्था में मिले। पुलिस ने तुरंत आपातकालीन कार्रवाई करते हुए इलाके को घेर लिया और शुरुआती दौर में एक एक्टिव शूटर की चेतावनी जारी करते हुए निवासियों को उस क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी। बाद में स्थिति नियंत्रण में आने पर चेतावनी वापस ले ली गई, हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी और जांच एजेंसियां हमलावरों की शिनाख्त के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। टोरंटो पुलिस के अनुसार, उन्हें स्थानीय समयानुसार रात करीब 8:12 बजे गोलीबारी की सूचना मिली थी।