मणिपुर के गांव के दस घरों में आगजनी
महिलाओं की भी गोली मारकर हत्या
गांव के अनेक लोग अब भी लापता
संघर्ष में अब तक 386 लोग मारे गये
भूपेन गोस्वामी
गुवाहाटी: मणिपुर में जातीय हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य के तामेंगलोंग और कांगपोकपी जिलों में हाल ही में हुई हिंसक घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, तामेंगलोंग जिले में हथियारबंद उग्रवादियों ने कुकी समुदाय की दो महिलाओं की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी, जब वे लेइसंगफाई गांव के पास जलावन की लकड़ी इकट्ठा कर रही थीं। मृतकों की पहचान 60 वर्षीय चोंगा सिथलौ और 30 वर्षीय किंबोई सिंगसन के रूप में हुई है। इस घटना के कुछ ही घंटों बाद, संदिग्ध आतंकवादियों ने कांगपोकपी जिले के चावांगकिनिंग नागा गांव पर भी रात करीब साढ़े दस बजे हमला बोल दिया।
इस दौरान सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच लगभग छह घंटे तक रुक-रुक कर भीषण गोलीबारी हुई। मौके पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जवाबी फायरिंग की और उग्रवादियों को गांव के भीतर घुसने से रोक लिया। हालांकि, इस गोलाबारी और आगजनी में बाहरी इलाके में स्थित कम से कम दो लकड़ी के फार्महाउस और घर जलकर खाक हो गए। स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि इस हमले के बाद से गांव के कई लोग अभी भी लापता हैं।
विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने इस अमानवीय कृत्य की तीव्र निंदा की है। नागा पीपुल्स फ्रंट के विधायक अवांगबोउ न्यूमाई और कांगपोकपी के सैकुल निर्वाचन क्षेत्र के एक कुकी विधायक ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की हिंसा से किसी भी समुदाय का हित नहीं हो सकता। उल्लेखनीय है कि मणिपुर में मई 2023 से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष चल रहा है, जिसके कारण अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है और हजारों बेघर हो चुके हैं।
मणिपुर की इन घटनाओं के अतिरिक्त, पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। असम राइफल्स ने राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के साथ मिलकर असम के हैलाकांडी जिले में एक संयुक्त अभियान के तहत लगभग 327 करोड़ रुपये मूल्य की 109.2 किलोग्राम याबा गोलियां (नशीले पदार्थ) जब्त की हैं।
इसके अलावा, असम पुलिस ने कामरूप जिले के तुपामारी गांव में एक संदिग्ध ऑनलाइन गेमिंग और चिप-बिक्री रैकेट का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 69 एटीएम कार्ड, 63 बैंक पासबुक, डिजिटल साक्ष्य और चिपसेलर ऐप वाला एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसमें अवैध कमाई का पूरा विवरण दर्ज था।