Breaking News in Hindi

24 घंटे में चार लोगों की मौत, बच्चे को भी लगी गोली

कई घटनाओँ के बाद कुकी सीएसओ ने 36 घंटे का अल्टीमेटम जारी किया

चस्साद ने भी अब नाकाबंदी की धमकी दी

रिश्वत मांगने वालों को सीएम की चेतावनी

गबन के मामले में रिटायर्ड अफसर गिरफ्तार

भूपेन गोस्वामी

गुवाहाटी: मणिपुर के तामेंगलोंग और नोनी जिलों में संदिग्ध उग्रवादियों के अलग-अलग हमलों में दो महिलाओं समेत कुकी समुदाय के चार लोगों की मौत हो गई है, जिससे एक बार फिर राज्य में हिंसा भड़कती नजर आ रही है। तामेंगलोंग जिले के कैमाई थाना क्षेत्र के एल. टोलेन गांव में हुए हमले में सेनेह सिंगसिट और उनकी पत्नी लिंगजंगई सिंगसिट की मौत हो गई, जबकि उनका छह साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा, नोनी जिले के लोंगपी गांव में हुए दूसरे हमले में थांगवेल गंगटे और जूली गंगटे की जान चली गई। इन हमलों में नागा विद्रोही समूहों एनएससीएन और जेडयूएफ  का हाथ होने का अंदेशा जताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह सहित कई नेताओं और संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। दूसरी ओर, कामजोंग जिले में कुकी सीएसओ कार्य समिति ने छह महीने से जारी आर्थिक और आवाजाही प्रतिबंधों को दूर करने के लिए जिला प्रशासन को 36 घंटे का अल्टीमेटम दिया है, और मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन नाकेबंदी की चेतावनी दी है।

एक अन्य कार्यक्रम में, मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों से अपील की कि वे काम करने के लिए रिश्वत या गलत तरीकों का सहारा न लें, बल्कि सरकार के पास आएं। उन्होंने यह बात जेएनआईएमएस में विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान कही।

इसके अतिरिक्त, अरुणाचल प्रदेश के एंटी-करप्शन ब्यूरो ने बांदरदेवा फॉरेस्ट डिवीजन में 31.93 करोड़ रुपये के सरकारी फंड गबन के मामले में एक सेवानिवृत्त डीएफओ चुखू लोमा को गिरफ्तार किया है। ब्यूरो इस घोटाले में शामिल अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।