अब दुनिया काफी बदल चुकी है और निरंतर यह जारी है
मेजबान की हैसियत से दिया संबोधन
ग्लोबल साउथ को आगे ले जाना ही होगा
सभी देशों की सहमति बहुत बड़ी उपलब्धि
राष्ट्रीय खबर
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आधिकारिक तौर पर ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 की शुरुआत की और भारत आए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन व चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग सहित सभी वैश्विक नेताओं का स्वागत किया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत की अध्यक्षता मानवता-प्रथम दृष्टिकोण पर आधारित रही है, जिसमें लचीलेपन, नवाचार और स्थिरता को प्राथमिकता दी गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ब्रिक्स आज अपनी स्थापना के 20 साल पूरे कर रहा है, जो इसके परिपक्व होने का संकेत है। पिछले दो दशकों में ब्रिक्स ने वैश्विक मंच पर एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हम एक-दूसरे के दृष्टिकोण का सम्मान करते हैं और आम सहमति से आगे बढ़ते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार में अब और देरी नहीं की जा सकती है। वैश्विक ग्लोबल साउथ को केवल संकटों के मोर्चे पर नहीं, बल्कि निर्णय लेने की प्रक्रिया में भी आगे आना चाहिए।
पीएम मोदी ने भविष्य के लिए ब्रिक्स निरंतरता और कार्यान्वयन तंत्र (ट्रोइका के माध्यम से) का प्रस्ताव रखा, जिससे हर निर्णय और उसकी समयसीमा को एक सुरक्षित डिजिटल भंडार में ट्रैक किया जा सके। इस बीच, लंबी कूटनीतिक वार्ताओं के बाद ब्रिक्स देशों के बीच एक संयुक्त बयान पर सहमति बन गई है, जिसमें भारत ने सभी देशों के बीच आम सहमति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।