ईरान युद्ध का चुनाव फायदा उठाने की नई चाल चली गयी
वाशिंगटनः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा युद्ध नवंबर में होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के तुरंत बाद समाप्त हो जाएगा। टेक्सास के डलास में एक रिपब्लिकन कन्वेंशन के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रम्प ने कहा कि तेहरान अब और अधिक लंबे समय तक टिक नहीं पाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान अमेरिकी चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है ताकि वाशिंगटन में एक कमजोर राजनीतिक नेतृत्व सत्ता में आ सके जो उसे बिना किसी रोक-टोक के परमाणु हथियार विकसित करने की छूट दे दे।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य के पास दोनों देशों के बीच संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है। अमेरिकी हमलों में हाल ही में कई ईरानी जहाजों के क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आई हैं, जिसके चलते कच्चे तेल की कीमतें वैश्विक स्तर पर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं। इस संघर्ष के कारण अमेरिकी मतदाताओं में बढ़ती महंगाई और आर्थिक संकट को लेकर असंतोष भी देखा जा रहा है, जिससे मध्यावधि चुनावों पर सीधा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
ट्रम्प ने स्पष्ट किया है कि उनका प्रशासन फिलहाल किसी नए परमाणु समझौते की तलाश में नहीं है और इस संघर्ष के दायरे में केवल परमाणु कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि कई अन्य बड़े रणनीतिक मुद्दे भी शामिल हैं। हालांकि अमेरिकी शीर्ष अधिकारियों और विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव के बाद भी तनाव के तुरंत थमने के आसार कम हैं, लेकिन ट्रम्प के इस ताजा बयान ने अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और अमेरिकी घरेलू राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है।