Breaking News in Hindi

पहली बार अरुणाचल पर केंद्र सरकार के मंत्री ने बयान दिया

सीमा पर समस्या है पर घुसपैठ नहीः किरेण रिजिजू

अफवाह फैला रहे हैं कुछ लोग

पूर्ण सीमांकन ही नहीं हुआ है

किसी को भयभीत नहीं होना है

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें दावा किया गया था कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश में 60 किलोमीटर तक घुसपैठ की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमा पर समस्या जरूर है, लेकिन इसका एकमात्र कारण यह है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा का अभी तक पूर्ण सीमांकन नहीं हुआ है। रिजिजू ने कहा कि सीमावर्ती राज्य में रहने वाले ग्रामीणों द्वारा उठाई गई चिंताएं जायज हैं, लेकिन उन्होंने चीनी सैनिकों के भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने को लेकर फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं के प्रति आगाह किया।

एक समाचार एजेंसी से बात करते हुए उन्होंने कहा, जो लोग कह रहे हैं कि चीन ने भारत के अंदर 60 किलोमीटर तक प्रवेश कर लिया है और हमें बदनाम करने के लिए तरह-तरह के वीडियो साझा कर रहे हैं, वे गलत हैं। सीमा पर समस्या है, और ग्रामीणों की चिंता भी सही है क्योंकि सीमा का सीमांकन नहीं हुआ है। रिजिजू ने जोर देकर कहा कि इस स्थिति को यह नहीं माना जाना चाहिए कि चीन ने भारतीय गांव पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने समझाया कि सीमा के स्पष्ट न होने के कारण दोनों पक्ष कुछ भू-भाग पर अपना दावा करते हैं। हमारे लोग मानते हैं कि हमारी जमीन आगे तक है, जबकि चीन की तरफ के स्थानीय लोग और तिब्बती मानते हैं कि उनकी जमीन भारत के अंदर तक आती है, जिससे भ्रम पैदा होता है।

मंत्री ने आगे कहा, ऐसी झूठ फैलाना कि वे 60 किलोमीटर अंदर आ गए हैं, और बांग्लादेश जैसी जगहों की पुरानी तस्वीरें दिखाकर यह दावा करना कि चीनी सेना ने अरुणाचल में 60 किमी की घुसपैठ की है, हमारी सेना और सुरक्षा बलों का मनोबल गिराता है और देश में अनावश्यक भ्रम पैदा करता है। उन्होंने कहा कि भारत ने सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है और सेना व आईटीबीपी ने गश्त बढ़ा दी है।

गौरतलब है कि हाल ही में भारत ने अरुणाचल प्रदेश में 27 स्थानों के नाम आधिकारिक नक्शों में दर्ज किए हैं, जो चीन द्वारा इन स्थानों के नाम बदलने की कोशिशों का जवाब है। विदेश मंत्रालय ने भी दोहराया है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है और सीमा पर शांति बनाए रखना द्विपक्षीय संबंधों के लिए आवश्यक है।