Breaking News in Hindi

कुर्ला में भूस्खलन से दो बच्चों समेत 7 की मौत

भारी बारिश की वजह से जमीन का बड़ा हिस्सा नीचे आये

बीएमसी के लोग बचाव में जुटे हैं

मारे गये लोगों की पहचान जारी की

परिजनों को चार लाख रुपये मुआवजा

राष्ट्रीय खबर

मुंबईः यहां के कुर्ला इलाके में भारी बारिश के बाद बुधवार तड़के गौसिया चाल (चिराग नगर, राठौड़ मेडिकल के पास) में हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है, जिसमें दो बच्चे भी शामिल हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी है। मृतकों की पहचान मोहम्मद समीर अंसारी (14), साहिल हुसैन अब्दुल काजी (19), करीब 45 वर्ष का एक अज्ञात व्यक्ति, अबान आरिफ शेख (2), मनत आरिफ शेख (4), मर्जिना आरिफ शेख (27), और विकेत रमेश यादव (27) के रूप में हुई है।

यह जानकारी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के जनसंपर्क अधिकारी द्वारा दी गई है। इस बीच, मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने कुर्ला भूस्खलन की इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए चार लाख रुपये और प्रत्येक घायल व्यक्ति को 50,000 रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। घटना के बाद, बीएमसी, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों के अधिकारियों सहित सभी आवश्यक बचाव दलों के साथ पुलिस कर्मियों को मौके पर तैनात किया गया।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने बताया कि उसके अधिकारी, कर्मचारी और कार्यकर्ता, मुंबई फायर ब्रिगेड, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, मुंबई पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा और अन्य एजेंसियां शेड में फंसे लोगों को बचाने के लिए हरसंभव और कड़े प्रयास कर रही हैं।