जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और एसएसपी ने दिल जीता
पुष्पवर्षा का नया तरीका भावुक रहा
मेला स्थल पर विशेष पुलिस व्यवस्था
पूरे इलाके में बोल बम का जयघोष जारी
दीपक नौरंगी
भागलपुरः विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान बिहार के सुल्तानगंज पहुंचे हरियाणा के श्रद्धालुओं ने जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की मुक्तकंठ से प्रशंसा की है। भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के नेतृत्व में मेला क्षेत्र में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता, पेयजल और यातायात प्रबंधन के जो बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं, उसने दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों का दिल जीत लिया है।
हरियाणा के विभिन्न जिलों, विशेषकर भिवानी से आए श्रद्धालुओं ने कहा कि उन्होंने देश के कई बड़े धार्मिक आयोजनों में हिस्सा लिया है, लेकिन सुल्तानगंज जैसी सुव्यवस्थित और चाक-चौबंद व्यवस्था उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। लाखों की संख्या में कांवरियों की उपस्थिति के बावजूद मेला क्षेत्र में पुलिस बल की मुस्तैदी और प्रशासनिक अधिकारियों की निरंतर निगरानी के कारण श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
इस वर्ष श्रावणी मेला उस समय और भी ऐतिहासिक और भावुक हो गया जब सावन की दूसरी सोमवारी पर उत्तरवाहिनी गंगा तट और बाबा अजगैविनाथ धाम क्षेत्र में श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। गेरुआ वस्त्र धारण किए लाखों कांवरियों पर जब आसमान से फूलों की वर्षा हुई, तो पूरा वातावरण हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा।
हरियाणा से आए शिवभक्तों ने इस पुष्पवर्षा को अपनी आस्था के सम्मान का एक अनूठा और अभूतपूर्व प्रतीक बताया। उनके अनुसार, यह केवल एक प्रशासनिक स्वागत नहीं था, बल्कि यह शिवभक्तों के प्रति शासन और प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है। इस भव्य स्वागत ने उनके धार्मिक अनुभव को बेहद यादगार बना दिया।
श्रद्धालुओं ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की सक्रियता की भी विशेष रूप से सराहना की। मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था इतनी चुस्त-दुरुस्त थी कि असामाजिक तत्वों के लिए कोई गुंजाइश नहीं बची थी। पुलिसकर्मी न केवल सुरक्षा संभाल रहे थे, बल्कि लगातार श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करने और भीड़ को नियंत्रित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को एक सुरक्षित वातावरण मिला।
जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। बाबा अजगैविनाथ धाम में सुगम दर्शन से लेकर कांवरिया पथ पर आवागमन तक हर स्तर पर अधिकारी मुस्तैद नजर आए। हरियाणा के श्रद्धालुओं ने भागलपुर प्रशासन के इस अनुकरणीय प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि भविष्य में भी मेलों में इसी प्रकार की उच्च स्तरीय सुविधाएं और सुरक्षा मिलती रहेंगी। इस वर्ष का श्रावणी मेला बेहतर प्रबंधन और श्रद्धालुओं के विशेष सम्मान के लिए लंबे समय तक याद रखा जाएगा।