Breaking News in Hindi

भारत-न्यूजीलैंड संबंधों में नया अध्याय: पीएम मोदी

अपने तीन राष्ट्रों के अंतिम पायदान पर न्यूजीलैंड पहुंचे

  • वाणिज्य बढ़ाने पर रहेगा फोकस

  • वहां के प्रधानमंत्री ने अगवानी की

  • क्षेत्रीय सुरक्षा के विषय में भी चर्चा

एजेंसियां

ऑकलैंड (न्यूजीलैंड): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दो दिवसीय ऐतिहासिक यात्रा पर न्यूजीलैंड के ऑकलैंड पहुंचे। पिछले चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली न्यूजीलैंड यात्रा है। ऑकलैंड हवाई अड्डे पर न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सॉन ने स्वयं उनकी अगवानी की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सॉन का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि यह यात्रा दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा के दौरान दोनों राजनेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसमें भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। इस बैठक के मुख्य एजेंडे में दोनों देशों के बीच अप्रैल 2025 में हुए मुक्त व्यापार समझौते के बाद यह मुलाकात व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को और गति देगी। वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। पीएम मोदी यहां भारतीय प्रवासियों के एक बड़े समारोह को संबोधित करेंगे और प्रमुख व्यापारिक व खेल जगत की हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे।

न्यूजीलैंड पीएम मोदी के तीन देशों के विदेश दौरे का अंतिम पड़ाव है। इससे पहले, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की अपनी सफल यात्रा संपन्न की, जहां उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ तीसरे भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक नेता शिखर सम्मेलन में भाग लिया। ऑस्ट्रेलिया से रवाना होते वक्त मोदी ने कहा, ऑस्ट्रेलिया यात्रा के परिणाम ने हमारी साझेदारी को और मजबूत किया है और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खोले हैं।

यह ऐतिहासिक यात्रा मार्च 2025 में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री लक्सॉन की भारत यात्रा के बाद हो रही है, जिससे दोनों देशों के बीच बने कूटनीतिक और व्यापारिक तालमेल को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।