मेक्सिको अमेरिका में औपचारिक शिकायत दर्ज करायेगा
एजेंसियां
मेक्सिको सिटीः मेक्सिको सरकार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान आव्रजन अभियानों में 17 मेक्सिकन नागरिकों की मौत के मामले में संयुक्त राज्य अमेरिका में एक आपराधिक जांच की मांग कर रही है। मेक्सिको के विदेश मंत्री रॉबर्टो वेलास्को ने गुरुवार को घोषणा करते हुए कहा, हम अब केवल राजनयिक दायरे तक सीमित नहीं रहेंगे। हम इन घटनाओं के संबंध में शिकायतें दर्ज कराने और जो कुछ भी हुआ उसकी आपराधिक जांच की मांग करने के लिए सीधे अमेरिकी अभियोजक कार्यालयों का रुख करेंगे।
विदेश मंत्री वेलास्को के अनुसार, मारे गए 17 मेक्सिकन प्रवासियों में से 14 नागरिक अमेरिकी आव्रजन और सीमा प्रवर्तन की हिरासत में थे, जबकि तीन नागरिकों की मौत इस एजेंसी द्वारा चलाए गए विभिन्न ऑपरेशन्स के दौरान हुई। इसके साथ ही, मेक्सिको सरकार उन निजी कंपनियों को भी गतिविधि रोकने का कानूनी नोटिस पत्र भेजेगी, जो उन अमेरिकी हिरासत केंद्रों का संचालन करती हैं जहाँ इन मेक्सिकन नागरिकों की मौत दर्ज की गई थी। वेलास्को ने स्पष्ट किया कि ये पत्र एक कानूनी तंत्र हैं… जिसके माध्यम से एक दीवानी कार्रवाई (सिविल एक्शन) शुरू की जाती है।
इस मामले पर अमेरिकी होमलैंड सुरक्षा विभाग ने एक बयान में कहा कि हिरासत में लिए गए सभी प्रवासियों को पूर्ण उचित कानूनी प्रक्रिया (ड्यू प्रोसेस) और उचित देखभाल प्रदान की जाती है। विभाग ने यह भी तर्क दिया कि आईसीई अधिकारी आवश्यकता के अनुसार न्यूनतम बल का उपयोग करने के लिए प्रशिक्षित हैं। मेक्सिको सरकार का यह कदम एक नई रणनीति को दर्शाता है, क्योंकि वह इन मौतों को लेकर पहले ही अमेरिका के समक्ष 11 राजनयिक विरोध पत्र जारी कर चुकी है। वेलास्को के मुताबिक, अमेरिका ने अब तक केवल यही जवाब दिया है कि इन मामलों की जांच चल रही है।
आव्रजन प्रवर्तन से जुड़े एक मामले में मरने वाले नवीनतम मेक्सिकन नागरिक प्रवासी लोरेंजो साल्गाडो अराउजो थे। 52 वर्षीय साल्गाडो को मंगलवार को एक ट्रैफ़िक स्टॉप के दौरान एक आईसीई अधिकारी ने गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई। अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि उन्होंने गिरफ्तारी का विरोध किया था और अधिकारी पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की थी, जिसके बाद अधिकारी ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। दूसरी ओर, साल्गाडो अराउजो के रिश्तेदारों ने उन्हें एक मेहनती व्यक्ति बताया जो पिछले लगभग 35 वर्षों से अमेरिका में रह रहे थे। परिजनों का कहना था कि जब साल्गाडो ने बिना किसी पहचान चिन्ह वाले वाहनों को अपना पीछा करते देखा, तो वह डर गए थे। उनकी मौत के दो दिन बाद, गुरुवार को मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने कहा कि उनकी सरकार ने इसे हत्या और मानवाधिकारों का उल्लंघन मानते हुए इस मामले को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। उन्होंने दृढ़ता से कहा, हम उन मेक्सिकन नागरिकों की मौतों की अनदेखी नहीं कर सकते जो ICE ऑपरेशन्स में मारे गए हैं या जो आईसीई द्वारा अनुबंधित निजी कंपनियों द्वारा संचालित इन हिरासत केंद्रों में बंद थे।