दोबारा नामांकन नहीं मिलने के बाद का राजनीतिक फैसला
-
केरल से कैबिनेट में शामिल हुए थे
-
इस बार मनोनयन नहीं मिला था
-
कार्यकाल 21 जून को समाप्त हुआ
राष्ट्रीय खबर
तिरुअनंतपुरमः केरल के वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन ने मंगलवार को राज्यसभा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया। 65 वर्षीय कुरियन अल्पसंख्यक कार्य के साथ-साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में राज्य मंत्री थे। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कुरियन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
भाजपा ने कुरियन को हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों में फिर से नामांकित नहीं करने का निर्णय लिया था, जिनका कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो गया। उन्हें अगस्त 2024 में मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना गया था। उन्होंने यह सीट केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। सिंधिया, जो वर्तमान में केंद्रीय संचार मंत्री और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री हैं, जून 2024 में मध्य प्रदेश के गुना निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने गए थे।
मंगलवार को जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि भारत के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर, संविधान के अनुच्छेद 75 के खंड (2) के तहत कुरियन का केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। यह खंड कहता है कि, मंत्री राष्ट्रपति के प्रसादपर्यंत अपना पद धारण करेंगे। उल्लेखनीय है कि पूर्व अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भी जुलाई 2022 में अपने राज्यसभा कार्यकाल के पूरा होने से एक दिन पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।