ग्रामीणों पर कथित हमले में चार घायल और एक की मौत
-
केंद्र ने विशिष्ट कोबरा कमांडो तैनात किये
-
आरपीएफ और पीएलए कैडर गिरफ्तार
-
राज्य में जारी अभियान में बीयर जब्त
भूपेन गोस्वामी
गुवाहाटीः 30 मई 2026 की रात मणिपुर के कांगपोकपी जिले के खराम वैफेई गांव (कुकी बहुल क्षेत्र) में अज्ञात सशस्त्र बदमाशों ने हमला कर अंधाधुंध गोलीबारी की और पांच कच्चे मकानों को जलाकर राख कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब कुकी-ज़ो संगठन देशव्यापी रैलियां निकाल रहे थे। कुकी इनपी मणिपुर सहित विभिन्न कुकी संगठनों ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) की संलिप्तता के दावों को पूरी तरह अफवाह करार दिया है।
इसी जिले के कोंसखुल नागा गांव में 31 मई को एक और दुखद घटना घटी। यहां बदमाशों ने पहले ग्रामीणों के प्राथमिक जल स्रोत की आपूर्ति पाइपलाइन काट दी। जब ग्रामीण उसकी मरम्मत करने गए, तो उन पर बिना किसी उकसावे के घात लगाकर हमला किया गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कोंसखुल ग्राम प्राधिकरण ने इसे मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताते हुए आरोप लगाया कि इस हमले में केएनएफ (पी) के उग्रवादी और पड़ोसी गांव के कुछ लोग शामिल थे। घटना के बाद से कई लोग लापता हैं और क्षेत्र में भय का माहौल है।
राज्य में स्थायी शांति बहाल करने और उग्रवादी समूहों के खिलाफ केंद्रित अभियान चलाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की एलीट कोबरा बटालियन की दो इकाइयों को तैनात करने की मंजूरी दी है। पश्चिम बंगाल से 207 कोबरा और असम से 210 कोबरा बटालियन को आने वाले हफ्तों में मणिपुर में कानून व्यवस्था और उग्रवाद विरोधी प्रयासों को मजबूत करने के लिए तैनात किया जाएगा।
मणिपुर पुलिस ने इम्फाल पूर्वी जिले में प्रतिबंधित संगठन आरपीएफ/पीएलए के एक सक्रिय कैडर अहिबाम मंगलसाना सिंह को जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अन्य कार्रवाई में, पुलिस ने खोंगमान मांगजिन इलाके से साइरोम एल्विसन नामक युवक को हिरासत में लेकर उसके पास से अवैध रूप से ले जाई जा रही 5,051 बीयर की केन और एक कार जब्त की है। दोनों मामलों में पुलिस आगे की कानूनी जांच कर रही है।