Breaking News in Hindi

दूरस्थ इलाकों में अब ड्रोन से हमला होगा

सक्रिय गुरिल्लाओँ के खिलाफ कोलंबियाई सेना की तैयारी

एजेंसियां

बोगोटाः एक ड्रोन ने नीचे पहाड़ी इलाके पर विस्फोटक गिराया, जिससे एंडीज पर्वतमाला का सन्नाटा अचानक बिखर गया। कोलंबियाई सेना अब उन गुरिल्ला गुटों के साथ हथियारों की होड़ में उतर चुकी है, जो रिमोट से चलने वाले इन उपकरणों का इस्तेमाल करके पहले से ही भारी तबाही मचा रहे हैं।

हवा में करीब 1,000 मीटर (3,280 फीट) की ऊंचाई पर मंडराते हुए, रिमोट कंट्रोल से संचालित यह नया ड्रोन 60-कैलिबर के ग्रेनेड दाग सकता है। इसका धमाका 15 मीटर के दायरे में आने वाली हर चीज को पूरी तरह तबाह कर देता है। सेना के शस्त्रागार में शामिल हुआ यह अत्याधुनिक उपकरण सुरक्षा बलों को मजबूत करेगा, जो पिछले कुछ महीनों से विस्फोटक से लदे घरेलू स्तर पर बने घातक ड्रोनों से तबाही मचा रहे गुरिल्ला समूहों की बराबरी करने की कोशिश में जुटे थे।

सेना का यह कदम 31 मई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से ठीक कुछ दिन पहले आया है, क्योंकि कोलंबिया में हिंसा पिछले एक दशक के सबसे खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। राजधानी बोगोटा से लगभग 210 किलोमीटर (130 मील) दूर सोगमोसो नगरपालिका में सेना के इस परीक्षण को करीब से देखने का मौका मिला, जहां एक परीक्षण रेंज पर एक-एक करके 16 ग्रेनेड गिराए गए। इस प्रणाली को विकसित करने में मदद करने वाले 37 वर्षीय इलेक्ट्रिकल इंजीनियर एंड्रेस जूलियन सालामांका ने कहा, यह कदम हमें अवैध समूहों के बराबरी पर लाकर खड़ा करता है।

कोलंबिया अब वेनेजुएला के साथ लैटिन अमेरिका के उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है, जो अपराध से निपटने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। दशकों से ड्रग तस्करी और अवैध खनन के जरिए पैसा कमाने वाले गुरिल्ला समूहों से लड़ रही कोलंबियाई सेना के लिए यह कदम एक बड़ा नीतिगत बदलाव है। रूस-यूक्रेन युद्ध से सीख लेते हुए इन विद्रोही समूहों ने ड्रोन युद्ध का रास्ता अपनाया है। वे दुर्गम पहाड़ी इलाकों में आम नागरिकों और सैन्य कर्मियों पर हमले कर रहे हैं। आमतौर पर ऑनलाइन खरीदे जाने वाले इन उपकरणों के जरिए गुरिल्ला गुटों ने स्कूलों, आदिवासी बस्तियों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है—हालत यह है कि दूरदराज के इलाकों में ड्रोन की भनभनाहट आतंक का पर्याय बन चुकी है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, साल 2025 में कम से कम 8,000 ड्रोन हमलों में 20 लोगों की मौत हुई और लगभग 300 लोग घायल हुए।

सोगमोसो में सरकारी स्वामित्व वाली हथियार निर्माता कंपनी इंदुमिल के प्लांट मैनेजर विली गैतान ने कहा, ड्रोन आधुनिक युद्ध का एक अनिवार्य हिस्सा हैं। ये लगातार सस्ते और अधिक घातक होते जा रहे हैं। अक्टूबर 2023 में रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज़ के अनुरोध पर इस ग्रेनेड कारखाने ने लॉन्चर डिजाइन करना शुरू किया था। वामपंथी राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने 2024 में इज़राइल के साथ कोलंबिया की सैन्य साझेदारी निलंबित होने के बाद घरेलू हथियारों के उत्पादन को बढ़ावा दिया है। उन्होंने एक एंटी-ड्रोन प्रणाली खरीदने के लिए 1.6 अरब डॉलर से अधिक की परियोजना को भी आगे बढ़ाया है।

कोलंबियाई रक्षा उद्योग इन विकासों को सशस्त्र समूहों के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ी तकनीकी सफलता के रूप में देख रहा है। इंदुमिल कंपनी अब ड्रोन द्वारा ले जाए जाने वाले ग्रेनेड की संख्या और उनके विनाशकारी प्रभाव को बढ़ाने के लिए प्रोजेक्टाइल के कैलिबर को और बड़ा करने की योजना बना रही है। सालामांका ने सेना की मौजूदा ड्रोन रणनीतियों को चूहे-बिल्ली का खेल बताया। उन्होंने कहा, जैसे-जैसे विद्रोही गुट अपनी क्षमताएं बढ़ा रहे हैं, सरकार उनका मुकाबला करने के नए तरीके तलाश रही है। इस बीच, संघर्ष से जूझ रहा यह देश रविवार को नए राष्ट्रपति के लिए मतदान करेगा। सर्वेक्षणों के अनुसार, वामपंथी सीनेटर इवान सेपेडा और दक्षिणपंथी करोड़पति वकील अबेलार्डो डे ला एस्प्रिएला के बीच 21 जून को दोबारा आमने-सामने का मुकाबला होने की संभावना है। जहाँ सेपेडा सशस्त्र समूहों के साथ शांति वार्ता की पेट्रो की रणनीति को जारी रखना चाहते हैं, वहीं डे ला एस्प्रिएला ने पूरी ताकत से युद्ध की राह पर लौटने का संकल्प लिया है।