Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेल ब्रिज पर बादलों को चीरती गुजरी वंदे भारत, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने... जयपुर में दो दोहरे मर्डर केस का खुलासा: शराब के खर्च और बकरियों की रखवाली के विवाद में हत्या, 3 गिरफ... समस्तीपुर में दर्दनाक वारदात! खेत में चारा लेने गई नाबालिग से गैंगरेप, पीड़िता की हालत गंभीर "जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अटूट अंग थे, हैं और रहेंगे": NYT के 'Pakistani Kashmir' शब्द पर भारत... दिल्ली में कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी! जानें 11 अगस्त तक कौन-कौन से रास्ते रहेंगे ब... गुरुग्राम की 'लुटेरी दुल्हन' गिरफ्तार! प्यार के जाल में फंसाकर ऐंठे 21 लाख, 13 मुकदमों का खुलासा बांकीपुर उपचुनाव में वोटिंग के बीच सियासी घमासान, बीजेपी ने जन सुराज पर लगाया फर्जी मतदान का आरोप आरएसएफ नेता ने अपने लड़ाकों को खुली छूट दी जापान के फुजिसावा शहर में नये किस्म का वैचारिक तनाव बढ़ा 'वंदे मातरम' का अपमान अब अपराध! राज्यसभा में बिल पास; कांग्रेस के वॉकआउट पर नित्यानंद राय का तीखा हम...

राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

राजधानी के वीरभूमि तक पहुंचे तमाम बड़े कांग्रेसी नेता

  • सोनिया गांधी की अगुवाई में सभी गये

  • वह आधुनिक भारत के निर्माता थेः खडगे

  • वैज्ञानिक सोच से देश को आगे बढ़ाया

राष्ट्रीय खबर

नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं ने नई दिल्ली स्थित उनके समाधि स्थल वीर भूमि जाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पार्टी नेताओं ने उन्हें एक ऐसे दूरदर्शी नेता के रूप में याद किया जिन्होंने भारत के युवाओं, अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिकता की नींव रखी थी।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने वीर भूमि पहुंचकर दिवंगत प्रधानमंत्री को पुष्पांजलि अर्पित की। इनके अलावा अशोक गहलोत, पी. चिदंबरम, मुकुल वासनिक सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजीव गांधी को आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि उनके द्वारा किए गए सुधारों ने ही आज के मजबूत भारत की आधारशिला रखी थी। खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राजीव गांधी ने मतदान की आयु सीमा को घटाकर 18 वर्ष कर युवाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाया, पंचायती राज सुधारों के जरिए जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत किया और देश में दूरसंचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी  क्रांति की शुरुआत की। उन्होंने देश में कंप्यूटरीकरण को बढ़ावा देने, सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम शुरू करने, ऐतिहासिक शांति समझौतों पर हस्ताक्षर करने और देश को 21वीं सदी के लिए तैयार करने वाली समावेशी शिक्षा नीति लाने में राजीव गांधी के योगदान को भी रेखांकित किया।

इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश टाइटलर ने उन्हें याद करते हुए कहा, वह एक बेहद दयालु और सच्चे इंसान थे। देश को एक ऐसे नेता की जरूरत थी जिसके पास वैज्ञानिक सोच हो, बच्चों के प्रति सरोकार हो और युवाओं के लिए एक स्पष्ट दृष्टिकोण हो। वहीं, वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा कि राजीव गांधी का भारत के लिए देखा गया सपना आज भी बेहद प्रासंगिक है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज वीर भूमि पर लिखे उनके संदेश को दोबारा पढ़े जाने की जरूरत है, क्योंकि वर्तमान में उस समावेशी भारत के सपने को नष्ट करने का एक बड़ा प्रयास किया जा रहा है।