Breaking News in Hindi

दो नाबालिगों ने अचानक ही किया हथियारबंद हमला

सैन डिएगो की मस्जिद में गोलीबारी में पांच की मौत

  • दिन के बारह बजे अचानक हुआ हमला

  • इस घटना की जांच एफबीआई भी करेगी

  • दोनों किशोरों ने आत्महत्या भी कर ली

एजेंसियां

सैन डिएगोः कैलिफोर्निया के इस्लामिक सेंटर ऑफ सैन डिएगो में सोमवार को दो किशोर बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने मस्जिद के बाहर एक सुरक्षा गार्ड सहित तीन पुरुषों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों संदिग्धों के शव मिले, जिन्होंने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।

सैन डिएगो पुलिस प्रमुख स्कॉट वाह्ल के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 12 बजे (स्थानीय समयानुसार) हुई। उस समय परिसर के डे-स्कूल में मौजूद सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। मैक्सिको सीमा के पास स्थित यह इस्लामिक सेंटर इस क्षेत्र की सबसे बड़ी मस्जिद है।

पुलिस प्रमुख ने बताया कि घटना की जांच में मदद के लिए एफबीआई को बुलाया गया है। हालांकि अभी तक इस हिंसा के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन अधिकारी इसे एक हेट क्राइम मानकर जांच कर रहे हैं। यह हमला मुस्लिम समुदाय के पवित्र त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) और वार्षिक हज यात्रा से ठीक एक हफ्ते पहले हुआ है। इस्लामिक सेंटर के इमाम और निदेशक ताहा हसन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, हमने पहले कभी ऐसी त्रासदी का सामना नहीं किया है। किसी पूजा स्थल को निशाना बनाना बेहद अपमानजनक और क्रूर है।

घटनास्थल पर पहुंचे दर्जनों सुरक्षाकर्मियों को मस्जिद की इमारत के बाहर तीन पुरुषों के शव मिले। अधिकारियों ने बताया कि मारे गए लोगों में शामिल एक सुरक्षा गार्ड की सूझबूझ के कारण एक बड़ा नरसंहार टल गया, क्योंकि उसने हमलावरों को इमारत के अंदर जाने से रोक दिया था। इसके कुछ ही समय बाद, पुलिस को पास की एक सड़क के बीच में खड़ी गाड़ी से दो किशोरों (उम्र 17 और 19 वर्ष) के शव मिले। पुलिस प्रमुख ने दोपहर की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दोनों की मौत खुद को मारी गई गोली के कारण हुई प्रतीत होती है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान कानून प्रवर्तन एजेंसियों (पुलिस) की ओर से कोई गोली नहीं चलाई गई।

पुलिस प्रमुख वाह्ल ने बताया कि सक्रिय शूटर (एक्टिव शूटर) की पहली कॉल मिलते ही सैन डिएगो क्षेत्र के 50 से 100 पुलिस अधिकारी तुरंत हरकत में आए और चार मिनट के भीतर क्लेरमोंट जिले में स्थित मस्जिद को चारों तरफ से घेर लिया। स्थानीय टेलीविजन फुटेज में पुलिसकर्मियों को हथियारों के साथ मस्जिद की छत और गुंबद के पास तैनात देखा गया।