दीपावली के अवसर पर प्रसिद्ध मिठाई की दुकान पहुंचे
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः दीपावली के अवसर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक ‘घंटेवाला‘ मिठाई की दुकान का दौरा कर सुर्खियां बटोरीं। उन्होंने इस दौरान जलेबी, इमरती और बेसन के लड्डू बनाने में हाथ आजमाया, जिसका एक दिलचस्प वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।
राहुल गांधी ने यह वीडियो अपने एक्स अकाउंट और यूट्यूब चैनल पर साझा करते हुए देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, पुरानी दिल्ली की मशहूर और ऐतिहासिक घंटेवाला मिठाइयों की दुकान पर इमरती और बेसन के लड्डू बनाने में हाथ आजमाया।
दुकान के दौरे के दौरान, मिठाई की दुकान के मालिक ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से एक भावुक और व्यक्तिगत अनुरोध किया। वीडियो में मालिक कहते सुने जा सकते हैं, हमने आपके नाना (जवाहरलाल नेहरू), दादी (इंदिरा गांधी), पापा (राजीव गांधी) और दीदी (प्रियंका गांधी) को अपनी मिष्ठान सेवा दी है। अब बस एक चीज़ का इंतज़ार है—आपसे गुज़ारिश है कि जल्दी शादी करिए। आपकी शादी का इंतज़ार है। सबसे पहले आप शादी करिए। उसकी मिठाई भी आप हमसे लीजिए। हम उसका इंतज़ार कर रहे हैं। मिठाई विक्रेता के इस निजी अनुरोध पर राहुल गांधी ने सार्वजनिक रूप से कोई सीधा जवाब नहीं दिया।
अपने इस अनुभव के बारे में बात करते हुए, राहुल गांधी ने कहा कि दीपावली की असली मिठास केवल पकवानों की थाली तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रिश्तों और समाज में भी होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से सवाल भी किया कि वे इस त्योहार को कैसे मना रहे हैं और इसे किस तरह खास बना रहे हैं। गौरतलब है कि घंटेवाला पुरानी दिल्ली की एक प्रतिष्ठित दुकान है, जिसकी सेवा देश के राजनीतिक रूप से सबसे प्रमुख परिवार की कई पीढ़ियों ने ली है। राहुल गांधी का इस तरह दीपावली के मौके पर आम लोगों और दुकानदारों के बीच पहुंचकर मिष्ठान बनाने में भागीदारी करना, सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।